स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में देहरादून की रैंकिंग में सात पायदान का सुधार

दून 12वें स्थान पर, काशीपुर और ऋषिकेश की रैंकिंग में गिरावट; बेहतर वार्डों को मिलेगा नकद पुरस्कार

देहरादून। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) के तहत स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 की रैंकिंग जारी कर दी है। इसमें देहरादून ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी रैंकिंग में सात पायदान का सुधार किया है। तीन से दस लाख की आबादी वाले 42 शहरों की श्रेणी में देहरादून को 12वां स्थान मिला है, जबकि पिछले वर्ष शहर 19वें स्थान पर था।

एनसीएपी के तहत प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीसीबी) देहरादून, काशीपुर और ऋषिकेश में वायु गुणवत्ता की निगरानी के साथ प्रदूषण कम करने के लिए विभिन्न स्तरों पर काम कर रहा है। देहरादून की रैंकिंग में लगातार तीसरे वर्ष सुधार दर्ज किया गया है।

वहीं, तीन लाख से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में ऋषिकेश और काशीपुर की रैंकिंग में गिरावट आई है। ऋषिकेश इस वर्ष 16वें स्थान पर रहा, जबकि पिछले वर्ष उसकी रैंकिंग 14वीं थी। इसी तरह काशीपुर 21वें स्थान पर आया, जबकि पिछले वर्ष वह 18वें स्थान पर था।

बेहतर प्रदर्शन करने वाले वार्ड भी चयनित

सर्वेक्षण के तहत राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले वार्डों की सूची भी जारी की गई है। इसमें देहरादून के धोरन वार्ड, काशीपुर के बाजपुर वार्ड और ऋषिकेश के आवास विकास वार्ड का चयन किया गया है। बेहतर प्रदर्शन के लिए इन वार्डों को नकद पुरस्कार दिया जाएगा। देहरादून के चयनित वार्ड को 15 लाख रुपये, जबकि काशीपुर और ऋषिकेश के वार्डों को 10-10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।