आकांक्षा नेगी के बयान पर पंजाबी समाज में नाराजगी

रुड़की। उत्तरांचल पंजाबी महासभा के पूर्व जिला अध्यक्ष रुड़की करमजीत सिंह खोखर ने आकांक्षा नेगी के कथित बयान पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने बयान को निंदनीय बताते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति को किसी समाज के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है।

करमजीत सिंह खोखर ने बताया कि पंजाबी समाज के वरिष्ठ नेता कुंवर जपेंद्र सिंह ने देहरादून में प्रेसवार्ता कर आकांक्षा नेगी को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा था कि यदि इस अवधि में आकांक्षा नेगी अपने बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांग लेती हैं तो मामला समाप्त किया जा सकता है। ऐसा नहीं होने पर पंजाबी समुदाय की ओर से उनके और सरकार के खिलाफ आमरण अनशन शुरू करने की चेतावनी दी गई है।

खोखर ने कुंवर जपेंद्र सिंह के निर्णय का समर्थन करते हुए कहा कि पंजाबी समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली किसी भी टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि 48 घंटे के भीतर सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी गई तो रुड़की से भी पंजाबी समाज के लोग देहरादून पहुंचेंगे और कुंवर जपेंद्र सिंह के साथ आमरण अनशन में शामिल होकर आंदोलन को समर्थन देंगे।