

झबरेड़ा। इकबालपुर स्थित बैंक के एटीएम से नकदी निकालने पहुंचे युवक का अज्ञात व्यक्ति ने एटीएम कार्ड बदल दिया। इसके बाद उसके बैंक खाते से 50 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भगवानपुर थाना क्षेत्र के बालेकी युसूफपुर गांव निवासी तनवीर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह इकबालपुर स्थित एक बैंक के एटीएम से नकदी निकालने गया था। इसी दौरान एटीएम के पास खड़े एक व्यक्ति ने मदद के बहाने उसका कार्ड बदल लिया। कुछ समय बाद उसके खाते से 50 हजार रुपये निकाले जाने की जानकारी मिली।
पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने रविवार को तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
