लाइब्रेरी चौक पर तड़के हुआ हादसा, घूमने आया था नई दिल्ली का 20 वर्षीय शिवम


मसूरी। लाइब्रेरी चौक स्थित व्यू प्वाइंट से शुक्रवार तड़के एक युवक अचानक नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को एंबुलेंस से सिविल अस्पताल मसूरी पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
एसएसआई सतेंद्र भाटी ने बताया कि मृतक की पहचान शिवम (20) पुत्र अजय, निवासी नई दिल्ली के रूप में हुई है। शिवम मसूरी घूमने के लिए आया हुआ था। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे वह लाइब्रेरी चौक स्थित व्यू प्वाइंट पर मौजूद था। इसी दौरान अचानक वह नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल मसूरी पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है।
एसएसआई सतेंद्र भाटी ने बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों की जांच में जुटी है।
