देहरादून भाजपा में मंडल अध्यक्षों को लेकर विवाद, एक ने कहा- इस्तीफा नहीं दिया, दूसरे ने छोड़ा पद

देहरादून। भाजपा महानगर देहरादून में मंडल अध्यक्षों को बदलने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। धर्मपुर विधानसभा के श्यामा प्रसाद मुखर्जी मंडल अध्यक्ष वासुदेव जखमोला ने दावा किया है कि उन्होंने इस्तीफा नहीं दिया, इसके बावजूद उनके व्हाट्सएप संदेश को इस्तीफा मानकर नया मंडल अध्यक्ष घोषित कर दिया गया। वहीं, धर्मपुर विधानसभा के दीनदयाल उपाध्याय मंडल अध्यक्ष आशीष गिरी ने भी पद से इस्तीफा दे दिया है। दोनों मामलों को लेकर भाजपा के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

प्रभारी की तैनाती के बाद शुरू हुआ विवाद

वासुदेव जखमोला के मुताबिक, मंडल प्रभारी की तैनाती के बाद विवाद शुरू हुआ। उन्होंने विधायक विनोद चमोली और महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल को व्हाट्सएप संदेश भेजकर नए प्रभारी के साथ काम करने में असहजता जताई थी। जखमोला का कहना है कि पूर्व में संबंधित प्रभारी के साथ दो-तीन बार उनका अनुभव अच्छा नहीं रहा था।

उन्होंने संदेश में कहा था कि या तो मंडल प्रभारी को हटाया जाए या उन्हें मंडल अध्यक्ष के पद से मुक्त कर दिया जाए। जखमोला का दावा है कि इसके बाद महानगर अध्यक्ष ने उन्हें बताया कि विधायक ने उनके नाम पर असहमति जताई है।

बिना लिखित इस्तीफे के नया अध्यक्ष बनाने का आरोप

जखमोला के मुताबिक, बाद में संगठन की ओर से पत्र जारी कर कहा गया कि वह निजी व्यस्तताओं के कारण मंडल अध्यक्ष का पद संभालने में असमर्थता जता रहे हैं। इस पर उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने कोई लिखित इस्तीफा नहीं दिया है। उनका आरोप है कि उनके बारे में भ्रामक प्रचार किया जा रहा है और संगठन ने यह जानने की कोशिश भी नहीं की कि वह मंडल प्रभारी के साथ काम करने में असहज क्यों थे।

इसके बाद महानगर अध्यक्ष की ओर से कमल राठौर को नया मंडल अध्यक्ष घोषित कर दिया गया।

पारिवारिक व्यस्तता बताकर आशीष गिरी ने दिया इस्तीफा

इधर, धर्मपुर विधानसभा के दीनदयाल उपाध्याय मंडल अध्यक्ष आशीष गिरी ने भी पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने इसकी वजह पारिवारिक व्यस्तता बताई है। गिरी के मुताबिक, वह पारिवारिक दायित्वों और पार्टी के काम के बीच तालमेल नहीं बैठा पा रहे थे।

हालांकि, इससे पहले इसी मंडल की महामंत्री प्रभा बंडूनी और आशीष गिरी के बीच पत्राचार हो चुका है। प्रभा बंडूनी ने गिरी पर पार्टी कार्यक्रमों की जानकारी नहीं देने और सहयोग नहीं करने के आरोप लगाए थे। गिरी ने कहा कि उनके इस्तीफे की वजह किसी तरह की अनबन नहीं है।

महानगर अध्यक्ष बोले- दोनों इस्तीफे स्वीकार किए

भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी मंडल अध्यक्ष ने व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर काम करने में असमर्थता जताई थी। उनका इस्तीफा स्वीकार कर नया मंडल अध्यक्ष मनोनीत कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि विधायक और मंडल अध्यक्ष के बीच क्या चल रहा था, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।

उन्होंने बताया कि दूसरे मंडल अध्यक्ष आशीष गिरी ने निजी कारण बताए थे और उनका इस्तीफा भी स्वीकार कर लिया गया है। वहीं, विधायक विनोद चमोली से देर रात तक संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।