कांवड़ मेला सकुशल संपन्न कराने वाले अधिकारी और एसपीओ सम्मानित

रुड़की। कांवड़ मेला सकुशल संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों तथा एसपीओ को कांग्रेस नेता सचिन गुप्ता की ओर से सम्मानित किया गया। नगर के एक होटल में आयोजित सम्मान समारोह में अधिकारियों और एसपीओ को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने कहा कि कांवड़ मेले को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पुलिस के साथ प्रशासन, एसपीओ और आम जनता का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। सभी के सामूहिक प्रयास से मेले के दौरान बेहतर व्यवस्थाएं बनाए रखने में सफलता मिली।

कार्यक्रम संयोजक कांग्रेस नेता सचिन गुप्ता एवं पूर्व मेयर प्रत्याशी पूजा गुप्ता ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने लगातार मेहनत की। अधिकारियों और एसपीओ ने दिन-रात ड्यूटी कर अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाई, जिसके चलते मेला शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी सम्मान के पात्र हैं।

कार्यक्रम का संचालन शायर अफजल मंगलौर ने किया, जबकि अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी ईश्वर लाल शास्त्री ने की। इस दौरान सीओ आसिन जोशी, सीओ मंगलौर अभिनव सिंह, मेलाराम प्रजापति, पूजा गुप्ता, इंटक जिलाध्यक्ष उदय सिंह पुंडीर, बिट्टू शर्मा, मनोज गोयल, अरविंद कश्यप, शक्ति राणा, तनुज राठी, कलीम खान, दीपक अरोड़ा, हेमंत जुल्का, नीरज अग्रवाल सहित पुलिस-प्रशासन के अधिकारी, एसपीओ और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।