संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान

मलानपुरा में घटना से मचा हड़कंप, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

मंगलौर। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के टांडा बनेड़ा रोड स्थित मलानपुरा में मंगलवार सुबह एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका की पहचान अनीशा पत्नी अनीश, निवासी मलानपुरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला ने इससे पहले भी कई बार आत्महत्या का प्रयास किया था। मंगलवार सुबह महिला का शव फंदे से लटका मिलने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही अन्य परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि महिला ने यह कदम क्यों उठाया, इसके कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।