पानीवाला बैंड के पास सड़क धंसी, जेसीबी से मलबा हटाने का काम जारी; थराली-देवाल मार्ग पर भी चट्टान खिसकने से यातायात ठप


मसूरी। मसूरी-देहरादून मार्ग पर पानीवाला बैंड के पास मंगलवार सुबह करीब पांच बजे भू-धंसाव होने से सड़क यातायात के लिए बंद हो गई। मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रुक गई। सूचना मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाकर सड़क खोलने का काम शुरू कर दिया।
लोक निर्माण विभाग के अपर सहायक अभियंता प्रदीप सिंह शाही ने बताया कि मौके पर रोड कटिंग के साथ हिल साइड कटिंग का कार्य भी चल रहा है। विभाग की टीम लगातार मार्ग को खोलने में जुटी हुई है। उन्होंने बताया कि जल्द ही सड़क को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
मार्ग बंद होने से मसूरी और देहरादून के बीच आवाजाही करने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है।
थराली-देवाल मार्ग पर भी चट्टान खिसकी
वहीं, स्टेट हाईवे थराली-देवाल मार्ग पर कोठी-नंदकेशरी के बीच चट्टान खिसकने से सड़क बंद हो गई। मार्ग अवरुद्ध होने के कारण दोनों ओर उत्तराखंड परिवहन निगम की बस समेत 50 से अधिक वाहन फंस गए हैं। यात्रियों और वाहन चालकों को मार्ग खुलने का इंतजार करना पड़ रहा है। चट्टान हटाकर यातायात बहाल करने के लिए संबंधित विभाग की कार्रवाई जारी है।
