मूसलाधार बारिश से उफान पर गंगा, चेतावनी रेखा के करीब पहुंचा जलस्तर

चंद्रभागा और मायाकुंड की निचली बस्तियों में अलर्ट, एसडीआरएफ और जल पुलिस 24 घंटे निगरानी पर तैनात

ऋषिकेश। तीर्थनगरी और आसपास के क्षेत्रों में बीते 24 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ा रहा। गंगा का जलस्तर 338.80 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी रेखा से महज 0.7 सेमी नीचे रहा। जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन चंद्रभागा और मायाकुंड समेत निचली बस्तियों में अलर्ट जारी कर दिया।

तटीय क्षेत्रों और स्नान घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीमों को 24 घंटे निगरानी पर तैनात किया गया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को उफनती गंगा और अन्य नदियों के किनारे न जाने की सख्त हिदायत दी है।

जलभराव से यातायात प्रभावित

लगातार बारिश के कारण शहर के आंतरिक मार्गों पर जगह-जगह जलभराव हो गया, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। वहीं पहाड़ी मार्गों पर लगातार मलबा आने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी आवाजाही बाधित हुई। मौसम विभाग ने आगामी घंटों में तेज बारिश की चेतावनी जारी की है, जिसके बाद स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। हालांकि, दोपहर के समय कुछ देर के लिए हल्की धूप दिखाई दी।

बाजारों में पसरा सन्नाटा, व्यापार प्रभावित

बारिश का असर व्यापारिक गतिविधियों पर भी साफ नजर आया। मुख्य बाजारों में दुकानों के शटर तो खुले रहे, लेकिन ग्राहकों की आवाजाही बेहद कम रही। व्यापारी पवन शर्मा ने बताया कि पिछले दो दिनों से लगातार बारिश के कारण लोग घरों से निकलने से बच रहे हैं। इसका असर क्षेत्र के प्रमुख व्यावसायिक स्थलों, कपड़ा बाजारों और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की दुकानों पर पड़ा है।

दिनभर ग्राहक नहीं पहुंचने से कई दुकानदारों को बोहनी तक के लिए इंतजार करना पड़ा। व्यापारियों के अनुसार बारिश के चलते लाखों रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ है। उनका कहना है कि यदि मौसम का रुख इसी तरह बना रहा तो आने वाले दिनों में व्यापार को और अधिक नुकसान होने की आशंका है।