कार में सवार युवक और युवती के शव बरामद, दूसरी युवती घायल अवस्था में मिली; एसडीआरएफ ने रातभर चलाया सर्च ऑपरेशन


देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात तेज बरसाती बहाव के बीच एक कार अनियंत्रित होकर पानी में बह गई। हादसे के समय कार में एक युवक और दो युवतियां सवार थीं। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और अंधेरे व तेज बहाव के बीच रातभर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब दो किलोमीटर दूर एक युवती घायल अवस्था में मिली, जबकि युवक और दूसरी युवती के शव बरामद किए गए।
हादसा थाना प्रेमनगर क्षेत्र के लोअर कंडोली, पौंधा रोड स्थित कंडोली पुल के पास हुआ। देर रात पुलिस को कार के तेज बरसाती बहाव में बहने की सूचना मिली। इसके बाद डाकपत्थर से अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम घटनास्थल पर पहुंची।
मौके पर पहुंचते ही जवानों ने अंधेरे और तेज पानी के बीच सर्च अभियान शुरू किया। कार में जयपुर, राजस्थान निवासी अक्षय (20) पुत्र मुकेश और दो युवतियां सवार थीं। सर्चिंग के दौरान घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर सहज पुत्री गुलशन बवेजा घायल अवस्था में मिली। एसडीआरएफ जवानों ने उसे सुरक्षित बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
इसके बाद टीम ने सर्च अभियान जारी रखा। कड़ी मशक्कत के बाद जवानों ने अक्षय और एक अन्य युवती का शव बरामद कर लिया। दोनों शव पुलिस को सौंप दिए गए हैं। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा। तेज बरसाती बहाव और खराब मौसम के बावजूद एसडीआरएफ जवान पूरी रात राहत एवं बचाव अभियान में जुटे रहे।
