

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में 16 वर्षीय छात्रा से स्लीपर बस में कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। वारदात ग्रेटर नोएडा से दिल्ली के कश्मीरी गेट के बीच चलने वाली बस में हुई बताई जा रही है। आरोप चालक और कंडक्टर पर है। कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल बस को कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता मैनपुरी जिले की रहने वाली है और 11वीं कक्षा में पढ़ती है। वह तीन अगस्त को परिजनों को बिना बताए घर से निकली थी। बताया जा रहा है कि पढ़ाई को लेकर मां की डांट से नाराज होकर वह नोएडा सेक्टर-63 में रहने वाले अपने चचेरे भाई के घर जाने के लिए निकली थी। इसी दौरान उसने ग्रेटर नोएडा से दिल्ली जाने वाली स्लीपर बस में सफर किया।
आरोप है कि चार अगस्त को बस में चालक और कंडक्टर ने छात्रा के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। मामले की जानकारी मिलने के बाद कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने जांच शुरू की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मरम्मत के लिए दिल्ली भेजी गई थी बस
मामले में बस कंपनी के मैनेजर मोनू गुप्ता का बयान भी सामने आया है। उन्होंने बताया कि बस को मरम्मत के लिए तिमारपुर, दिल्ली भेजा गया था। अगले दिन प्रशासन ने बस को जब्त कर लिया और चालक-कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी कानपुर देहात के रहने वाले हैं और करीब दो साल से कंपनी में कार्यरत थे। कंपनी की ओर से दोनों के आधार कार्ड पुलिस को सौंप दिए गए हैं।
पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों से पूछताछ के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
