सोमेश्वर में नवरात्र पर होगी रामलीला, 27 अगस्त को बच्चों का प्रशिक्षण

सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। सोमनाथ महावीर रामलीला कमेटी सोमेश्वर की ओर से इस वर्ष भी नवरात्र के पावन अवसर पर रामलीला का आयोजन किया जाएगा। रामलीला को लेकर कमेटी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है।

कमेटी की ओर से जारी सूचना के अनुसार रामलीला में बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 27 अगस्त को प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कमेटी ने क्षेत्र के सभी अभिभावकों से अपने बच्चों को प्रशिक्षण में प्रतिभाग कराने की अपील की है।

कमेटी पदाधिकारियों ने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपरा की महत्वपूर्ण विरासत है। बच्चों को भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और भारतीय संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से रामलीला का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बच्चों की भागीदारी से रामलीला की परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और धार्मिक मूल्यों से परिचित कराने में मदद मिलेगी। आयोजन को सफल बनाने के लिए कमेटी की ओर से आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।