अभिनव देशवाल और अंकिता ध्यानी को मिलेगा देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न

देहरादून। युवा निशानेबाज अभिनव देशवाल और भारतीय लंबी व मध्यम दूरी की धावक अंकिता ध्यानी को देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। खेल विभाग की ओर से राज्य के खेल पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है। 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार अभिनव देशवाल को वर्ष 2025 और अंकिता ध्यानी को वर्ष 2024-25 के लिए देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार दिया जाएगा।

चार खिलाड़ियों को हिमालय रत्न

वर्ष 2025-26 के लिए चार खिलाड़ियों का चयन हिमालय रत्न खेल पुरस्कार के लिए किया गया है। इनमें मॉर्डन पेंटाथलॉन खिलाड़ी ममता खाती निवासी बागेश्वर, सक्षम प्रताप सिंह निवासी काशीपुर, ऊधमसिंह नगर, पैरा निशानेबाज शौर्य सैनी निवासी रुड़की, हरिद्वार और बॉक्सिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खुशी चंद्र निवासी पिथौरागढ़ शामिल हैं।

प्रशिक्षकों को द्रोणाचार्य और लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार

रोइंग कोच मुकेश शर्मा निवासी धर्मावाला, देहरादून को देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। वहीं हल्द्वानी, नैनीताल निवासी बॉक्सिंग प्रशिक्षक मुकेश चंद्र बेलवाल को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार दिया जाएगा।

वर्ष 2024-25 के लिए भारतीय धावक अंकिता ध्यानी और एथलेटिक्स कोच लोकेश कुमार को भी देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए चुना गया है।

खेल पुरस्कारों के लिए मिले आवेदन

शासन के आदेश के मुताबिक वर्ष 2024 के हिमालय रत्न खेल पुरस्कार के लिए विभाग को कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ। वहीं देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार के लिए तीन और देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए पांच आवेदन विभाग को मिले थे।