

देहरादून। समाजवादी पार्टी की रविवार को हुई प्रदेश स्तरीय बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मतदाताओं को जागरूक करने का निर्णय लिया गया। पार्टी इसके लिए कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण देगी। देहरादून स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक में करीब दो दर्जन वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
बैठक में नेताओं ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान मुस्लिम समुदाय के मतदाताओं के वोट गलत तरीके से काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुस्लिम मतदाताओं के नाम और वोटों पर अनजान लोगों की ओर से आपत्तियां दर्ज कराई जा रही हैं।
प्रदेश प्रभारी हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने कहा कि अशिक्षा के कारण कई मतदाताओं को यह तक जानकारी नहीं हो पाती कि उनका नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया है। ऐसे में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता अल्पसंख्यक मतदाताओं को जागरूक करेंगे और उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने में मदद करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष महंत शुभम गिरी ने कहा कि इस अभियान के लिए कार्यकर्ताओं को विशेष तौर पर प्रशिक्षित किया जाएगा। कार्यकर्ता लोगों के बीच जाकर उन्हें मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने और सूची में नाम की जांच करने के लिए प्रेरित करेंगे।
बैठक में पार्टी के मुद्दों को जनता तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। इस दौरान डॉ. आरके पाठक, आभा बड़थ्वाल, हेमा बोरा, अतुल यादव, अतुल शर्मा समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
