

रुड़की। टोक्यो डेफ ओलंपिक्स 2025 में भारत के लिए रजत पदक जीतने वाले उत्तराखंड के निशानेबाज शौर्य सैनी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने शौर्य सैनी को राज्य का गौरव बताते हुए शाल और स्मृति चिह्न भेंट किया तथा नकद पुरस्कार की घोषणा के साथ उन्हें बधाई दी।
जापान की राजधानी टोक्यो में आयोजित 25वें समर डेफ ओलंपिक्स 2025 में 22 वर्षीय शौर्य सैनी ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने क्वालीफिकेशन राउंड में 584 अंक हासिल कर नया डेफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया और शीर्ष स्थान के साथ फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच शौर्य ने दूसरा स्थान हासिल कर भारत की झोली में रजत पदक डाला।
सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शौर्य की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता ने उत्तराखंड के साथ-साथ पूरे देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार शौर्य सैनी को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए वित्तीय और ढांचागत सुविधाएं उपलब्ध कराने का हर संभव प्रयास करेगी।
