रोटरी क्लब रुड़की एलीट ने कराई पर्यावरण एवं जल संरक्षण पर चित्रकला प्रतियोगिता

रुड़की। रोटरी क्लब रुड़की एलीट की ओर से शंकरपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में “पर्यावरण एवं जल ही जीवन” विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा बनाए गए सुंदर एवं रंग-बिरंगे चित्रों ने सभी का मन मोह लिया। कक्षा तीन से पांच तक के करीब पच्चीस बच्चों ने अपनी कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से कागज पर उकेरा। परियोजना समन्वयक अनिरुद्ध गोयल एवं क्लब अध्यक्ष नीता मित्तल ने बच्चों को पर्यावरण के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि पेड़-पौधों से हमें शुद्ध ऑक्सीजन मिलती है, जो जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसलिए प्रकृति का संरक्षण हम सभी को मिलकर करना चाहिए। क्लब सचिव रमा गुप्ता ने जल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जल हमारे जीवन का आधार है और इसका उपयोग हमें सावधानीपूर्वक एवं आवश्यकता के अनुसार करना चाहिए। क्लब सदस्यों ने बच्चों को पृथ्वी एवं पर्यावरण के संरक्षण के प्रति जागरूक किया। प्रतियोगिता में माही, जीनत एवं मानवी ने पुरस्कार प्राप्त किए। क्लब सदस्यों ने सभी बच्चों को रंग, ड्राइंग शीट तथा केले-बिस्कुट वितरित किए। इस अवसर पर पियूष गर्ग, प्रीती अग्रवाल, राधे श्याम गुप्ता, अंजलि गर्ग, हेमा भारद्वाज, नीलम सैनी, विद्यालय का स्टाफ एवं विद्यार्थी आदि उपस्थित रहे।