मूसलधार बारिश से गंगा का जलस्तर बढ़ा, तटीय गांवों में बाढ़ की चिंता

Roorkee: पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलधार बारिश के कारण मंगलवार को एक बार फिर गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। जलस्तर में लगातार वृद्धि से गंगा नदी के किनारे बसे ग्रामीणों को बाढ़ की चिंता सताने लगी है।

लगातार बारिश के चलते क्षेत्र से होकर गुजरने वाली गंगा, बाण गंगा और सोलानी नदियों का जलस्तर भी बढ़ गया है। इस बार मानसून के दौरान तीसरी बार गंगा नदी का जलस्तर चेतावनी निशान के करीब पहुंच गया है।

मंगलवार रात करीब आठ बजे गंगा नदी का जलस्तर 292.85 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी स्तर 293 मीटर से महज कुछ सेंटीमीटर नीचे है। जलस्तर में तेजी से हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए नदी किनारे बसे गांवों के लोगों के चेहरों पर चिंता की लकीरें साफ दिखाई देने लगी हैं।

ग्रामीणों को आशंका है कि यदि पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो गंगा का जलस्तर चेतावनी निशान को पार कर सकता है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है। स्थानीय प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।