न्याय पंचायत से राज्य स्तर तक होंगे मुकाबले, मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के लिए खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम


देहरादून। युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत आयोजित होने वाले “खेल महाकुंभ-2026 मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी” की रूपरेखा तय कर दी है। खेल महाकुंभ का आयोजन न्याय पंचायत, विधानसभा क्षेत्र, संसदीय क्षेत्र और राज्य स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से किया जाएगा।
खेल महाकुंभ की शुरुआत न्याय पंचायत स्तर की स्थानीय जनप्रतिनिधि खेलकूद प्रतियोगिताओं से होगी। ये प्रतियोगिताएं 1 से 10 सितंबर 2026 तक आयोजित की जाएंगी। इसके बाद 11 से 20 सितंबर तक विधानसभा स्तर पर विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिताएं होंगी।
वहीं, 21 से 30 सितंबर तक संसदीय क्षेत्र स्तर पर सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। राज्य स्तर पर मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के तहत प्रतियोगिताएं 10 सितंबर से 30 अक्तूबर 2026 तक आयोजित की जाएंगी।
न्याय पंचायत स्तर पर अंडर-14 और अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग में कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो और मुर्गा झपट जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
विधानसभा स्तर पर वॉलीबाल और पिट्टू की प्रतियोगिताएं सीधे आयोजित की जाएंगी, जबकि अन्य कुछ खेलों में न्याय पंचायत स्तर से चयनित खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।
इसी प्रकार संसदीय क्षेत्र स्तर पर मलखम्ब, रस्साकसी, गोली (कंचा), फुटबॉल और बैडमिंटन की प्रतियोगिताएं सीधे आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही विधानसभा स्तर पर चयनित खिलाड़ियों को भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।
खेल महाकुंभ के माध्यम से प्रदेशभर में ग्रामीण और स्थानीय स्तर की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने तथा उन्हें राज्य स्तर तक अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
