बंद मकान का ताला तोड़कर नकदी व आभूषण चोरी

रुड़की। संतनगर कालोनी स्थित एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने हजारों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। मकान स्वामी के वापस लौटने पर घटना का पता चला। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

संतनगर कालोनी निवासी सोमपाल सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके परिजन पिछले कुछ दिनों से घर से बाहर गए हुए हैं। 15 अगस्त को वह स्वयं भी रिश्तेदारी में गए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके बंद मकान के ताले तोड़कर घर में प्रवेश किया।

चोर घर में रखी करीब 80 हजार रुपये की नकदी के साथ ही सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। 16 अगस्त को जब सोमपाल सिंह घर लौटे तो उन्हें घर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। अलमारी की जांच करने पर नकदी और आभूषण गायब मिले।

इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।