भाजपा के शुद्धीकरण हवन के विरोध में कांग्रेस की जनसभा, सैकड़ों ने थामा पार्टी का दामन

मंगलौर में विधायक काज़ी निज़ामुद्दीन के नेतृत्व में दलित समाज की सभा, 2027 में भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का लिया संकल्प

मंगलौर। हल्द्वानी में 8 अगस्त को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद भाजपा की ओर से किए गए शुद्धीकरण हवन का मुद्दा उत्तराखंड की सियासत में तूल पकड़ता जा रहा है। इसके विरोध में कांग्रेस लगातार प्रदर्शन कर रही है। इसी क्रम में रविवार को मंगलौर के एक बैंक्वेट हॉल में विधायक काज़ी निज़ामुद्दीन के नेतृत्व में दलित समाज की विशाल जनसभा आयोजित की गई। सभा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों लोगों ने भाजपा की नीतियों से नाराजगी जताते हुए कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने एक स्वर में 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करने का संकल्प लिया।

सभा को संबोधित करते हुए मंगलौर विधायक काज़ी निज़ामुद्दीन ने कहा कि वर्ष 2026 में भी भाजपा शासन में छुआछूत जैसी घटनाएं सामने आना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि दलित और मुस्लिम समाज इस अपमान को कभी नहीं भूलेगा और इसका जवाब वोट की चोट से दिया जाएगा।

झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाती ने आरोप लगाया कि भाजपा के इशारे पर दलित और मुस्लिम समाज को एसआईआर के नाम पर जानबूझकर परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा समाज को बांटने का काम कर रही है, लेकिन जनता अब सब समझ चुकी है और वर्ष 2027 में इसका जवाब देगी।

दोनों विधायकों ने कहा कि कांग्रेस ही ऐसी पार्टी है जो दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक समाज के सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा कर सकती है। उन्होंने नए कार्यकर्ताओं से पार्टी को मजबूत करने के लिए सक्रियता से काम करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस में शामिल हुए नए कार्यकर्ताओं का पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया गया। सभा में युवाओं के साथ बड़ी संख्या में बुजुर्ग भी मौजूद रहे।