

पुलिस की तत्परता से बची पर्यटक की जान, प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर
देहरादून। मौसम विभाग ने सोमवार को देहरादून और टिहरी जिलों के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दोनों जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के अत्यंत तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। वहीं, प्रदेश के अन्य जनपदों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने आकाशीय बिजली चमकने को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी है।
इधर, रविवार दोपहर कैम्पटी फॉल में नहाते समय एक पर्यटक अचानक तालाब में गिर गया। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित तालाब से बाहर निकाला। इसके बाद उसे उपचार के लिए मसूरी प्राथमिक चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
कैम्पटी थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह गुसाईं ने बताया कि रविवार 16 अगस्त की दोपहर सूचना मिली कि कैम्पटी फॉल में नहाते समय पानीपत निवासी अजय गौतम (32) तालाब में गिर गया है। अजय अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ कैम्पटी फॉल घूमने आया था।
सूचना मिलते ही कैम्पटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पर्यटक को तालाब से बाहर निकालकर मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। इसके बाद थाना परिसर के 112 वाहन से उसे मसूरी प्राथमिक चिकित्सालय भेजा गया। चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। थानाध्यक्ष के अनुसार उपचार के बाद पर्यटक की तबीयत में कुछ सुधार हुआ, लेकिन बेहतर उपचार के लिए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए पहाड़ी क्षेत्रों में पर्यटकों और स्थानीय लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
