

रुड़की। 84 उत्तराखंड बटालियन एनसीसी रुड़की की ओर से क्वांटम विश्वविद्यालय में आयोजित दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश भी कैडेट्स के उत्साह, अनुशासन और समर्पण को प्रभावित नहीं कर सकी। प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के बावजूद शिविर की सभी प्रशिक्षण गतिविधियां निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ संचालित की गईं।
शिविर के दौरान कैडेट्स को ड्रिल, मैप रीडिंग, फील्ड एवं बैटल क्राफ्ट, हथियारों की जानकारी, आपदा प्रबंधन, व्यक्तित्व विकास तथा नेतृत्व क्षमता से संबंधित व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षकों ने कठिन परिस्थितियों में धैर्य, अनुशासन, टीम भावना और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के महत्व पर विशेष जोर दिया।
लगातार बारिश के बावजूद कैडेट्स ने सभी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपने जज्बे, समर्पण और प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
शिविर कमांडेंट कर्नल जगदीश आलमिया ने कहा कि विपरीत मौसम परिस्थितियों में भी प्रशिक्षण गतिविधियों का सुचारु रूप से जारी रहना एनसीसी कैडेट्स की दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
उन्होंने बताया कि शिविर के सफल संचालन में डिप्टी कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल अमन कुमार सिंह सहित प्रशिक्षण एवं प्रशासनिक स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जो शिविर की व्यवस्थाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को सफल बनाने में सक्रिय रूप से अपनी भूमिका निभा रहा है।
