

देहरादून, प्रतिनिधि। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में शुक्रवार को भी भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और चंपावत जिलों के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है। इन जिलों में मौसम विभाग ने सबसे गंभीर स्तर की चेतावनी जारी करते हुए प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा देहरादून, पौड़ी, बागेश्वर और हरिद्वार जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने इन सातों जिलों के प्रशासन को तत्काल एहतियाती कदम उठाने और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने को कहा है।
पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान पूरे प्रदेश में सतर्क रहने की आवश्यकता है। विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों और नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने और अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी गई है। प्रदेश के शेष जिलों में भी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के कारण राज्य में यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। विभिन्न स्थानों पर मलबा और बोल्डर गिरने से राष्ट्रीय राजमार्गों समेत 115 सड़कें बंद हो गई हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार पिथौरागढ़ जिले में तवाघाट-गुंजी राष्ट्रीय राजमार्ग बोल्डर गिरने के कारण बाधित है, जबकि जिले के 12 ग्रामीण मार्ग भी बंद पड़े हैं।
देहरादून जिले में एक राज्य मार्ग और 14 ग्रामीण मार्ग, अल्मोड़ा में 13 ग्रामीण मार्ग, रुद्रप्रयाग में तीन, चमोली में नौ, नैनीताल में पांच, उत्तरकाशी और बागेश्वर में चार-चार तथा टिहरी में एक राज्य मार्ग और 13 ग्रामीण मार्ग बंद हैं। सबसे अधिक प्रभावित पौड़ी जिला है, जहां कुल 31 सड़कें बंद हैं। इनमें दो राज्य मार्ग, एक मुख्य मार्ग और 28 ग्रामीण मोटर मार्ग शामिल हैं।
भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए प्रदेश के कई जिलों में कक्षा 12 तक के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश घोषित किया गया है। देहरादून, हरिद्वार, चमोली, पौड़ी, टिहरी, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में जिला प्रशासन ने शुक्रवार के लिए स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
