व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे हिरासत में, गंभीर आरोपों की जांच तेज

नैनीताल , भवाली, भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे को मंगलवार देर रात पुलिस ने उनके घर से हिरासत में ले लिया। उन पर नाबालिग से जुड़े यौन अपराध, गर्भपात कराने के लिए दबाव बनाने और महिलाओं के शोषण जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस को मामले में कुछ अन्य महिलाओं की ओर से भी साक्ष्य और शिकायतें प्राप्त हुई हैं।

जानकारी के अनुसार, नैनीताल के एक शिक्षण संस्थान में अध्ययनरत एक छात्रा ने नरेश पांडे के खिलाफ शारीरिक शोषण तथा दबाव बनाकर गर्भपात कराने सहित कई गंभीर आरोप लगाते हुए मल्लीताल कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

इस बीच आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका पहले निचली अदालत और बाद में उच्च न्यायालय से भी खारिज हो चुकी है। इसके बाद से वह क्षेत्र से बाहर बताया जा रहा था, हालांकि पिछले कुछ दिनों से उसकी सोशल मीडिया पर सक्रियता बढ़ गई थी।

मंगलवार रात पुलिस को सूचना मिली कि नरेश पांडे अपने घर पर मौजूद हैं। इसके बाद नैनीताल पुलिस की टीम तीन से चार वाहनों के साथ रात करीब साढ़े नौ बजे उनके आवास पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी की जानकारी मिलने पर नरेश पांडे सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारण करने लगे और पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाने लगे।

करीब एक घंटे तक चले घटनाक्रम और हंगामे के बाद पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।