

उत्तरकाशी। जनपद मुख्यालय के समीप तिलोथ स्थित समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित डॉ. भीमराव अंबेडकर बालक एवं बालिका छात्रावास में रह रहे करीब 100 छात्र-छात्राओं ने दूषित और गुणवत्ताविहीन भोजन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। छात्रों का आरोप है कि पिछले दो माह से उन्हें खराब गुणवत्ता का भोजन परोसा जा रहा है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका बनी हुई है।
छात्र-छात्राओं के अनुसार, छात्रावास में 48 छात्र और 40 से अधिक छात्राएं निवास करती हैं। उनका कहना है कि दो माह पहले निविदा प्रक्रिया के तहत कैंटीन संचालक बदला गया था। इसके बाद से भोजन की गुणवत्ता लगातार खराब हो गई है।
आरोप है कि संचालक अपने लाभ के लिए खुले में गली के किनारे लकड़ी के चूल्हे पर भोजन तैयार करवा रहा है। इस दौरान आसपास की दीवारों से गिरने वाले कीड़े दाल, चावल और सब्जियों में मिल जाते हैं। इसके बावजूद वही भोजन छात्र-छात्राओं को परोस दिया जाता है, जिससे उनके बीमार होने का खतरा बना हुआ है।
छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि छात्रावास में सफाई व्यवस्था भी बदहाल है। सफाईकर्मी के नियमित रूप से न आने के कारण कुछ दिन पहले छात्र-छात्राओं को स्वयं नालियों की सफाई करनी पड़ी थी।
छात्र-छात्राओं का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में दोनों छात्रावास अधीक्षकों को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद बीते सोमवार को छात्र विकास भवन स्थित जिला समाज कल्याण कार्यालय पहुंचे, जहां भी उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
छात्रों ने समाज कल्याण विभाग से भोजन की गुणवत्ता में सुधार, स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
