मां, बहन और पिता पर मारपीट का आरोप, युवती ने गंगनहर कोतवाली में दी तहरीर

रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में एक युवती ने अपनी मां, बहन और पिता पर मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता अपनी दूसरी बहन के साथ गंगनहर कोतवाली पहुंची और मामले की तहरीर दी। पुलिस ने चेतक कर्मियों को मौके पर भेजकर पूछताछ के निर्देश दिए हैं तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, रामपुर बड़ी मस्जिद क्षेत्र निवासी युवती का 27 जून की सुबह करीब 11 बजे किसी बात को लेकर अपनी मां और बहन से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। पीड़िता का कहना है कि इसी दौरान उसकी बहन ने उसके सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसे चोट आई।

युवती ने बताया कि उसने घटना की जानकारी अपने पिता को दी, लेकिन उस समय वह घर से बाहर थे। पिता ने घर लौटने पर मामला देखने की बात कही। आरोप है कि अगले दिन घर पहुंचने पर पिता ने मां और बहन को समझाने के बजाय उसके और उसकी दूसरी बहन के साथ भी मारपीट की।

पीड़िता का यह भी आरोप है कि परिवार के लोगों ने दोनों बहनों को पुलिस में शिकायत दर्ज कराने से रोकने का प्रयास किया। इसके बावजूद दोनों बहनें बिना घर वालों को बताए गंगनहर कोतवाली पहुंचीं और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए कार्रवाई की मांग की।

गंगनहर कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।