केतन हत्याकांड: टिहरी जा रहे भीम आर्मी कार्यकर्ताओं को शंकराचार्य चौक पर रोका, चंद्रशेखर आजाद का काफिला भी रुका

हरिद्वार। केतन हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने के लिए मंगलवार को टिहरी जा रहे भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने शंकराचार्य चौक के पास बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ता आगे बढ़ने की जिद पर अड़े रहे, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे जाने की अनुमति नहीं दी। मौके पर कुछ देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

इसी बीच संगठन के कुछ पदाधिकारी अन्य वाहनों से पहले ही आगे निकल गए, जिनके पीछे पुलिस अधिकारी रवाना हो गए। वहीं, नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद भी दो वाहनों के काफिले के साथ हरिद्वार पहुंचे, लेकिन उनके काफिले को भी शंकराचार्य चौक पर रोक दिया गया।

गौरतलब है कि इससे पहले भी केतन हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने के लिए टिहरी जा रहे नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद और खानपुर विधायक उमेश कुमार को समर्थकों सहित शंकराचार्य चौक पर पुलिस ने रोक दिया था। उस दौरान पुलिस और समर्थकों के बीच हुई खींचातानी में सांसद की शर्ट फट गई थी। चंद्रशेखर आजाद ने पुलिस पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया था।

कई घंटे चले हंगामे के बाद आईजी गढ़वाल ने फोन पर सांसद को पीड़ित परिवार से जल्द मुलाकात कराने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया था, जिसके बाद वह वापस लौट गए थे। हालांकि, मंगलवार को वह एक बार फिर समर्थकों के साथ टिहरी जाने के लिए पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें दोबारा रोक दिया।