

देहरादून। थाना सेलाकुई पुलिस ने एक निजी विश्वविद्यालय के छात्र की आत्महत्या के मामले में युवती और उसके साथी के खिलाफ ब्लैकमेल, धोखाधड़ी, मानसिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत मृतक की मां ने दर्ज कराई है।
थाना प्रभारी लोकपाल परमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के थाना मटेरा क्षेत्र के ग्राम ऐलासपुर अगैय्या निवासी पूजा देवी ने शिकायत में आरोप लगाया है कि उनका 26 वर्षीय पुत्र रविंद्र कुमार, जो देहरादून स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में बीएनवाईएस (नर्सिंग) अंतिम वर्ष का छात्र था, को उत्तर प्रदेश के लखनऊ जिले के थाना चिनहट क्षेत्र के सराय शेख निवासी रोमा कुमारी ने प्रेमजाल में फंसाकर विवाह का झांसा दिया। शिकायत के अनुसार अश्लील ऑडियो-वीडियो, चैट और अन्य माध्यमों से उसे ब्लैकमेल किया गया तथा धन उगाही और मानसिक प्रताड़ना दी गई। इस कथित षड्यंत्र में प्रिंस कुमार और अन्य लोगों की संलिप्तता भी बताई गई है।
शिकायत में कहा गया है कि लगातार मानसिक दबाव और उत्पीड़न के चलते रविंद्र कुमार ने 8 फरवरी 2026 को प्रेमनगर स्थित अपने किराये के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस ने मोबाइल फोन, डायरी और अन्य सामग्री कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई। शिकायतकर्ता का दावा है कि मोबाइल फोन से प्राप्त चैट, ऑडियो, वीडियो, कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य डिजिटल साक्ष्यों से कथित ब्लैकमेल और मानसिक उत्पीड़न के संकेत मिले हैं।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि आत्महत्या वाले दिन आरोपी युवती ने मृतक के पिता को व्हाट्सएप कॉल कर बताया कि रविंद्र कुमार से संपर्क नहीं हो पा रहा है और किसी व्यक्ति को कमरे पर भेजने की बात कही। शिकायत के अनुसार युवती ने फोन पर यह भी पूछा कि क्या दरोगा का फोन आया है। बाद में थाना सेलाकुई पुलिस ने मृतक के पिता को रविंद्र कुमार की आत्महत्या की सूचना दी।
थाना प्रभारी लोकपाल परमार ने बताया कि शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध कराए गए डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
