

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) जल्द ही अपर पीसीएस के 63 रिक्त पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी करेगा। लंबे समय से इस भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए आयोग ने आधिकारिक सूचना जारी कर दी है।
आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि अपर पीसीएस के 63 पदों का भर्ती प्रस्ताव आयोग को प्राप्त हो चुका है। प्रस्ताव का परीक्षण किया जा रहा है और प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही भर्ती विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अपर पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा अक्टूबर माह में प्रस्तावित है, इसलिए अभ्यर्थी अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दें।
19 जुलाई को होगी हाईकोर्ट भर्ती परीक्षा
राज्य लोक सेवा आयोग की ओर से हाईकोर्ट में सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO), असिस्टेंट लाइब्रेरियन, अनुवादक और टाइपिस्ट के कुल 24 पदों पर भर्ती परीक्षा 19 जुलाई को आयोजित की जाएगी। परीक्षा हरिद्वार, देहरादून और हल्द्वानी में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर संपन्न होगी।
आयोग ने बताया कि इस परीक्षा के प्रवेश पत्र 4 जुलाई को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र डाक के माध्यम से नहीं भेजे जाएंगे। सभी उम्मीदवारों को वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड करना होगा।
