

मसूरी। शहर की माल रोड पर उस समय हंगामा मच गया जब कुछ स्थानीय लोगों और पर्यटकों के बीच हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। सार्वजनिक स्थान पर हुई इस घटना से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी से चीता मोबाइल और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने तक दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और हाथापाई जारी थी, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को अलग किया, भीड़ को तितर-बितर किया और स्थिति को नियंत्रण में लेकर माहौल शांत कराया।
प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि विवाद में शामिल नीरज राघव (36) निवासी बड़ा गांव सिकंदरपुर, सेक्टर-86, मानेसर, गुरुग्राम को हिरासत में लिया गया है। इसके अलावा संबंधित वाहन का मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान भी किया गया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बढ़ा दी गई है।
