
हरिद्वार। हरिद्वार आश्रम स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में हनुमान मंदिर के निकट जमीन पर सो रही 19 वर्षीय युवती को सांप ने डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन और आश्रम के लोगों ने उसे तत्काल मेला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, वंदना कुमारी (19) आश्रम परिसर में जमीन पर सो रही थी। इसी दौरान उसे सांप ने डस लिया। घटना के बाद आश्रम परिसर में सांप की तलाश की गई। सांप दिखाई देने पर वन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। बाद में उसे जंगल में छोड़ दिया गया।
मेला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि युवती की हालत फिलहाल स्थिर है। एहतियात के तौर पर उसे 48 घंटे तक अस्पताल में भर्ती रखा गया है, ताकि उसकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा सके।
