ऑपरेशन प्रहार: 24 घंटे में नाबालिग बरामद, शादी का झांसा देकर ले जाने वाला आरोपी गिरफ्तार

पिरान कलियर। ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत कलियर पुलिस ने नाबालिग किशोरी के अपहरण के मामले का 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने विवाह का झांसा देकर किशोरी को अपने साथ ले जाने वाले आरोपी युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पॉक्सो अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

कोतवाली प्रभारी एवं क्षेत्राधिकारी दिव्येश उपाध्याय ने बताया कि 27 जून को कलियर क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी नाबालिग पुत्री को क्षेत्र के एक गांव का युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने बेड़पुर, इमलीखेड़ा, पिरान कलियर, रुड़की मार्ग, बस अड्डे, रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी की तलाश शुरू की गई।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने माजरी चौक से आरोपी नितिन उर्फ रामकुमार, निवासी ग्राम सोहलपुर, कोतवाली कलियर को गिरफ्तार कर लिया तथा नाबालिग किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह किशोरी को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया था। इसके बाद पुलिस ने मामले में पॉक्सो अधिनियम की धाराएं भी जोड़ दीं। बरामद किशोरी को जिला बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत कर उसके संरक्षण में भेज दिया गया, जबकि आरोपी को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी एवं कोतवाली प्रभारी दिव्येश उपाध्याय, इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी शहजाद अली, उपनिरीक्षक अंशु चौधरी, हेड कांस्टेबल बबलू कुमार, डिम्पल सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।