हाईटेंशन लाइन गिरने से ट्रक में लगी भीषण आग, फायर सर्विस ने टाला बड़ा हादसा

रुड़की। कोतवाली गंगनहर क्षेत्र स्थित राजमहल होटल के पास खड़े एक ट्रक पर हाईटेंशन बिजली की लाइन गिरने से भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन रुड़की की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाकर एक बड़े हादसे को टाल दिया। फायर कर्मियों की तत्परता से ट्रक के डीजल टैंक को फटने से बचा लिया गया।

फायर विभाग के अनुसार राजमहल होटल के निकट खड़े ट्रक में अचानक आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंची फायर यूनिट ने देखा कि ट्रक के ऊपर हाईटेंशन विद्युत लाइन गिरी हुई थी और उसमें करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसके कारण आग तेजी से फैल रही थी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर कर्मियों ने सबसे पहले बिजली आपूर्ति बंद कराने के लिए बिजली विभाग से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद मामले की सूचना कंट्रोल रूम को दी गई तथा चेतक मोबाइल को बिजलीघर भेजा गया। बिजलीघर से विद्युत आपूर्ति बंद किए जाने के बाद फायर कर्मियों ने होज पाइप बिछाकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

लगातार प्रयासों के बाद आग पर पूर्ण रूप से नियंत्रण पा लिया गया। फायर अधिकारियों ने बताया कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो ट्रक का डीजल टैंक फट सकता था, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि फायर सर्विस की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से स्थिति को सुरक्षित रूप से नियंत्रित कर लिया गया।

घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। मौके पर मौजूद लोगों ने फायर सर्विस की साहसिक एवं त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

आग बुझाने वाले दल में फायर कर्मी विपिन सिंह, विपिन सैनी, हरीशचंद्र, सुनील बंदोलिया एवं अभिषेक राज शामिल रहे।