


काशीपुर। गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग उत्तराखंड मुख्यालय के सहायक गन्ना आयुक्त आशीष नेगी ने गन्ना विकास परिषद काशीपुर परिक्षेत्र में चल रहे गन्ना सर्वेक्षण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सर्वेक्षण कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
गन्ना विकास परिषद काशीपुर के एससीडीआई बीरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि उनके तथा सचिव प्रभारी गन्ना समिति काशीपुर द्वारा समय-समय पर सर्वेक्षण कार्यों की निगरानी और निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान गन्ना पर्यवेक्षकों का कार्य संतोषजनक पाया गया।

उन्होंने कहा कि गन्ना सर्वेक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग की प्राथमिकता पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ सर्वेक्षण कार्य को पूरा करना है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने क्षेत्र के किसानों से मुलाकात कर विभागीय योजनाओं और सर्वेक्षण कार्य के संबंध में फीडबैक भी लिया। किसानों से अपील की गई कि वे अपने-अपने गन्ना पर्यवेक्षकों से संपर्क कर सर्वेक्षण संबंधी जानकारी की पुष्टि अवश्य कर लें।
सचिव प्रभारी ने किसानों को आश्वस्त करते हुए बताया कि बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान जल्द ही उनके बैंक खातों में भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि चीनी मिलों द्वारा भुगतान प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और किसानों को शीघ्र ही इसका लाभ मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान सुरेंद्र सिंह, दीपक कुमार शर्मा, मोहित कुमार सिंह, प्रताप सिंह सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
