


देहरादून में बुधवार को भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। दोपहर के समय सूरज की तपिश इतनी तेज रही कि सड़कें तपने लगीं और बाजारों व सार्वजनिक स्थानों पर सन्नाटा दिखाई दिया।
गर्मी के चलते लोग घरों में रहने को मजबूर हो गए। कूलर और पंखे भी राहत देने में नाकाम साबित हुए। शहर में इस सीजन में पहली बार तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मोहकमपुर क्षेत्र में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

तेज गर्मी का असर जनजीवन पर साफ दिखाई दिया। दोपहर के समय शहर की कई सड़कें सूनी रहीं। बढ़ती गर्मी के कारण बिजली की खपत में भी भारी इजाफा हुआ। एसी और कूलर के लगातार उपयोग से कई जगह बिजली के तारों में आग लगने की घटनाएं भी सामने आईं।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है।
चिकित्सकों का कहना है कि तेज गर्मी और लू से बचने के लिए हल्के कपड़े पहनें, शरीर को हाइड्रेट रखें और अनावश्यक रूप से धूप में जाने से बचें।
