राजपुर में 2.5 करोड़ की कॉर्पोरेट ठगी का मामला दर्ज, डेटा दुरुपयोग के गंभीर आरोप

Dehradun:
राजपुर थाना क्षेत्र में एक बड़ा कॉर्पोरेट ठगी और डेटा दुरुपयोग का मामला सामने आया है। आईटी पार्क सहस्रधारा रोड स्थित इनफोमो डिजिटल मीडिया प्राइवेट लिमिटेड ने केरल और कर्नाटक के चार व्यक्तियों तथा एक निजी कंपनी के खिलाफ 2.5 करोड़ रुपये की ठगी, मानहानि और गोपनीय जानकारी के दुरुपयोग की शिकायत दर्ज कराई है। इस संबंध में राजपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

कंपनी के निदेशक राघवेंद्र अग्रवाल के अनुसार, वर्ष 2020 में उनकी होल्डिंग कंपनी इनफोमो ग्लोबल लिमिटेड के साथ आरोपियों ने ‘नंटियम’ सॉफ्टवेयर बेचने का प्रस्ताव रखा था। इसके लिए दो समझौते हुए, जिनके तहत 35 लाख रुपये नकद और 2.5 करोड़ रुपये मूल्य के 17.5 लाख शेयर आरोपियों को दिए गए।

आरोप है कि भुगतान और शेयर हस्तांतरण के बावजूद आरोपियों ने सॉफ्टवेयर का सोर्स कोड उपलब्ध नहीं कराया और सॉफ्टवेयर भी अपेक्षित रूप से कार्य नहीं कर सका, जिससे पूरी निवेश राशि व्यर्थ हो गई। शिकायत में समदीप वार्घशी, दिलीप रामचंद्रा अदिगा, संजू पुलियंकलाठ, हृषिकेश मेनन और एमएन शेट्ठी टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड को आरोपी बनाया गया है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि बाद में आरोपियों ने अवैध रूप से बड़ी धनराशि की मांग की। मांग पूरी न होने पर कंपनी और उसके अधिकारियों को बदनाम करने के लिए ईमेल अभियान चलाया गया। साथ ही, निदेशकों के पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस जैसे संवेदनशील दस्तावेज भी साझा किए गए।

पीड़ित पक्ष के अनुसार, जुलाई 2025 में दो कानूनी नोटिस भेजे गए, लेकिन आरोपियों की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। राजपुर थाना प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।