पिथौरागढ़ में पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या, शादी समारोह के बीच वारदात से फैली सनसनी

पिथौरागढ़:
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जनपद के अस्कोट थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। बुधवार रात हुई इस वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, नेपाल सीमा के पास स्थित द्वालीसेरा गांव में बुधवार रात एक शादी समारोह चल रहा था। गांव के ही भुवन प्रसाद (50) और उनकी पत्नी गीता देवी (38) भी इस समारोह में शामिल थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर भुवन प्रसाद ने कुल्हाड़ी से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी।

घटना की जानकारी तब मिली जब आरोपी के परिजनों के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। वहां गीता देवी का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस क्षेत्राधिकारी के.एस. रावत ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी की तलाश जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है ताकि हत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।

बताया जा रहा है कि मृतका के परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं, जिनमें से एक बेटा और एक बेटी विवाहित हैं। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।