


देहरादून/चमोली/मसूरी:
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए लोगों को गर्मी से राहत दिलाई है। चमोली और मसूरी सहित कई इलाकों में बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि दर्ज की गई।
चमोली जिले के गोपेश्वर में दोपहर के समय कुछ देर के लिए ओलावृष्टि हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई। वहीं पहाड़ों की रानी मसूरी में जमकर बारिश के साथ ओले भी गिरे, जिससे मौसम सुहावना हो गया। हालांकि, नालियां बंद होने के कारण कई जगहों पर बरसात का पानी सड़कों पर बहता नजर आया।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटों के भीतर राज्य के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान लगभग 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। विभाग ने यह भी अनुमान जताया है कि कुछ जिलों में बारिश का सिलसिला 5 मई तक जारी रह सकता है।
मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में ओलावृष्टि और तेज बारिश की आशंका जताई गई है।
मौसम निदेशक सी.एस. तोमर ने बताया कि प्रदेशभर में आगामी 24 से 48 घंटों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। उन्होंने लोगों, विशेषकर किसानों को बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।
