जौलीग्रांट से बदरीनाथ-केदारनाथ हेलीकॉप्टर सेवा शुरू, पहले दिन 16 श्रद्धालु रवाना

देहरादून/जौलीग्रांट:
चारधाम यात्रा को सुगम बनाने के लिए जौलीग्रांट हेलीपैड से बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के लिए हेलीकॉप्टर सेवा आज सुबह विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुरू कर दी गई। सेवा के पहले दिन रुद्राक्ष एविएशन के एमआई-17 हेलीकॉप्टर ने विभिन्न स्थानों से आए कुल 16 श्रद्धालुओं को लेकर सुबह करीब 7:00 बजे दोनों धामों के लिए उड़ान भरी।

यह लगातार चौथा वर्ष है जब जौलीग्रांट से इन दोनों धामों के लिए हेली सेवा संचालित की जा रही है। मौसम अनुकूल रहने पर हेलीकॉप्टर प्रतिदिन दो बार उड़ान भरेगा, जिससे करीब 40 श्रद्धालुओं की आवाजाही संभव हो सकेगी।

कंपनी अधिकारियों के अनुसार एमआई-17 हेलीकॉप्टर की 20 मई तक की सभी बुकिंग पहले ही पूर्ण हो चुकी हैं। यह सेवा मानसून शुरू होने से पहले लगभग 15 जून तक संचालित की जाएगी। इसके बाद वर्षा ऋतु के कारण सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रहेंगी और मौसम सामान्य होने पर 15 से 20 सितंबर के बीच दोबारा शुरू की जाएंगी।

इस हेली सेवा से श्रद्धालुओं को यात्रा में काफी सुविधा मिलेगी, खासकर बुजुर्गों और समय की कमी वाले यात्रियों के लिए यह एक बेहतर विकल्प साबित हो रही है।