उत्तराखंड बोर्ड 10वीं-12वीं का रिजल्ट 25 अप्रैल को होगा घोषित

देहरादून:
उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षाओं के परिणाम इस वर्ष 25 अप्रैल को घोषित किए जाएंगे। बोर्ड के सचिव विनोद सिमल्टी ने जानकारी देते हुए बताया कि रिजल्ट सुबह 10:00 बजे जारी किया जाएगा।

इस वर्ष बोर्ड परीक्षाएं राज्यभर में बनाए गए 1261 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गईं, जिनमें दो लाख से अधिक परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया।

आंकड़ों के अनुसार, हाईस्कूल (10वीं) में कुल 1,12,679 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। इनमें 1,10,573 संस्थागत और 2,106 व्यक्तिगत परीक्षार्थी शामिल हैं। वहीं इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा में कुल 1,03,442 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें 99,345 संस्थागत और 4,097 व्यक्तिगत छात्र-छात्राएं हैं।

बोर्ड ने रिजल्ट जारी करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षार्थी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना परिणाम देख सकेंगे।