चारधाम यात्रा में इस बार भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में चलेगी शटल सेवा: प्रदीप बत्रा

देहरादून/उत्तराखंड।
चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए इस बार परिवहन विभाग नई व्यवस्था लागू करने जा रहा है। परिवहन एवं आईटी मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए विशेष रूप से शटल सेवा संचालित की जाएगी।

डिजिटल समिट में पहुंचे मंत्री बत्रा ने बताया कि चारधाम यात्रा के लिए विभाग की सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। सभी आरटीओ और एआरटीओ अधिकारी फील्ड में सक्रिय रहकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस बार पहली बार यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को उल्टी या अन्य असुविधा की स्थिति में उपयोग के लिए विशेष बैग भी उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे यात्रा के दौरान स्वच्छता और सुविधा दोनों सुनिश्चित हो सके।

मंत्री बत्रा ने जानकारी दी कि वर्तमान में केवल सोनप्रयाग से गौरीकुंड तक ही शटल सेवा संचालित होती है, लेकिन इस बार जहां-जहां भूस्खलन के कारण यातायात बाधित होगा, वहां तुरंत शटल सेवा शुरू की जाएगी। इसका उद्देश्य यह है कि यात्रियों को किसी भी स्थिति में रुकना न पड़े और उन्हें तत्काल वैकल्पिक परिवहन सुविधा मिल सके।

उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य लक्ष्य है कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उनकी यात्रा सुरक्षित व सुचारु रूप से संपन्न हो।