

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को परेड ग्राउंड स्थित बहुद्देशीय क्रीड़ा हॉल में 87वीं इंटर स्टेट जूनियर एवं यूथ नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं टेबल टेनिस खेलकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि राज्य को पहली बार इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। उन्होंने इसके लिए भारतीय टेबल टेनिस महासंघ का आभार भी व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं है, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त आधार भी है। खेलों के माध्यम से अनुशासन, धैर्य, टीम भावना और लक्ष्य के प्रति समर्पण जैसे गुण विकसित होते हैं, जो युवाओं को जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करते हैं।
मुख्यमंत्री ने युवा खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे न केवल अपने राज्यों का, बल्कि देश के उज्ज्वल भविष्य का भी प्रतिनिधित्व करते हैं। उनकी मेहनत, अनुशासन और संकल्प ही भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि टेबल टेनिस एक ऐसा खेल है जिसमें गति, संतुलन, तकनीक और मानसिक दृढ़ता का समन्वय आवश्यक होता है। यह खेल खिलाड़ियों को त्वरित निर्णय क्षमता, रणनीतिक सोच और आत्मविश्वास के साथ चुनौतियों का सामना करना सिखाता है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में खेल संस्कृति को मिल रही नई दिशा का भी उल्लेख किया और ‘खेलो इंडिया’ व ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसे अभियानों को इसका प्रमुख कारण बताया।

