

ऋषिकेश/हरिद्वार (रिपोर्ट):
चारधाम यात्रा की तैयारियों के तहत हरिद्वार और ऋषिकेश में सोमवार से वाहनों के ग्रीन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। ऋषिकेश में शुभारंभ पूजा-अर्चना के साथ किया गया, जहां वाहन स्वामियों को विधिवत ग्रीन कार्ड वितरित किए गए।

इस अवसर पर शांतिकुंज हरिद्वार से आए वेदपाठी ब्राह्मणों की टीम द्वारा भजन-कीर्तन और हवन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में परिवहन विभाग के अधिकारियों ने भी आहुति डालकर यात्रा की सफलता की कामना की।
उप परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह, शैलेश तिवारी, राजीव मेहरा, आरटीओ प्रवर्तन अनीता चमोला, आरटीओ संदीप सैनी, एआरटीओ रावत सिंह कटारिया और आरआई प्रदीप रौथान इस मौके पर मौजूद रहे। पूजा के उपरांत ग्रीन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
पहले दिन कुल 15 वाहनों को ग्रीन कार्ड जारी किए गए।
एआरटीओ (प्रशासन) ऋषिकेश रावत सिंह कटारिया ने बताया कि वाहन स्वामी निर्धारित शुल्क ग्रीन कार्ड पोर्टल पर जमा करने के बाद ही अपने वाहनों के लिए परिवहन कार्यालय से ग्रीन कार्ड प्राप्त कर सकते हैं।
चारधाम यात्रा के दौरान ग्रीन कार्ड अनिवार्य होगा, जिससे वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।
