

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चार दिन से लापता पूर्व प्रधान गुलहसन उर्फ मुन्ना (50) का शव रविवार को सुमेरपुर के पास शारदा सहायक नहर में बोरी में भरा हुआ मिला। इस सनसनीखेज हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला समेत तीन लोगों पर आरोप है।

मामला मानधाता थाना क्षेत्र के मिश्रपुर मुस्तरका गांव का है। परिजनों के अनुसार, गुलहसन 18 मार्च को बाइक से बाजार के लिए निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। दो दिन तक कोई सुराग न मिलने पर परिवार ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। तीसरे दिन उनकी बाइक, चाबी और हेलमेट मऊआइमा के कल्याणपुर के पास महरोड़ा में मिला।
जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल और परिजनों के शक के आधार पर सुमन देवी को हिरासत में लिया, जो बाद में इस मामले की मुख्य आरोपी निकली। पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल कर ली।
प्रेमिका ने कबूला जुर्म:
सुमन देवी ने पुलिस को बताया कि गुलहसन के साथ उसका लंबे समय से प्रेम संबंध था। वह लगातार मिलने का दबाव बना रहा था और कथित रूप से ब्लैकमेल कर रहा था। इससे परेशान होकर उसने अपने भाई अतुल गौतम और उसके दोस्त अरुण गौतम के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
18 मार्च की रात गुलहसन को जेठवारा के बगियापुर बुलाया गया, जहां तीनों ने मिलकर लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को उर्वरक की बोरी में भरकर शारदा सहायक नहर में फेंक दिया गया।
नहर में मिला शव, गांव में पसरा सन्नाटा:
रविवार सुबह सुमेरपुर के पास नहर में बोरी में शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पत्नी किस्मतुल निशा ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। देर शाम शव को गांव के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
18 बच्चों का पिता, दो शादियां:
गुलहसन ने दो शादियां की थीं—पहली पत्नी किस्मतुल निशा और दूसरी अम्बिया बानो। दोनों पत्नियों से उसके कुल 18 बच्चे हैं, जिनमें से केवल एक बेटी की शादी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, वह हंसमुख और मददगार स्वभाव का व्यक्ति था।
पुलिस के अनुसार, पहले दर्ज गुमशुदगी के मामले को अब हत्या में परिवर्तित किया जाएगा। मुख्य आरोपी महिला पुलिस हिरासत में है, जबकि अन्य दो आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
