चमोली में भारी बारिश-बर्फबारी से हाईवे बंद, बदरीनाथ धाम में 2 फीट बर्फ जम गई

चमोली, उत्तराखंड | चमोली जिले के ज्योर्तिमठ क्षेत्र में भारी बारिश और बर्फबारी के बाद पहाड़ दरकने लगे हैं, जबकि बदरीनाथ धाम बर्फ की चादर से ढक गया। तीन दिन की बारिश-बर्फबारी के बाद धाम का अद्भुत दृश्य देखने को मिला, लेकिन गोविंद घाट के पास पिनोला में बड़े-बड़े पत्थर गिरने से बदरीनाथ हाईवे पूरी तरह बंद हो गया।

नीति-मलारी राष्ट्रीय राजमार्ग सालधर के पास भूस्खलन के कारण बाधित है। गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे भी बर्फबारी के कारण बंद हैं, और बीआरओ हाईवे खोलने का प्रयास कर रहा है। लगातार बारिश और बर्फबारी से बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के काम दो दिनों से ठप हैं। प्रशासन ने टेंट और टिन शेड में रहने वाले 100 से अधिक श्रमिकों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा।

बदरीनाथ हाईवे कंचन नाले के पास हिमखंड आने के कारण बाधित हो गया, जिसके चलते पीआईयू अधिशासी अभियंता योगेश मनराल ने श्रमिकों को पैदल मार्ग पार करने से रोकते हुए सुरक्षित स्थानों पर भेजा। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। बदरीनाथ धाम में लगभग दो फीट और हेमकुंड साहिब में तीन फीट ताजी बर्फ जम चुकी है, वहीं नीती और माणा घाटी के कई गांवों में भी बर्फबारी हुई है।