शीर्षक: लक्सर चीनी मिल का पेराई सत्र 19 मार्च को होगा समाप्त, अंतिम नोटिस जारी

लक्सर: लक्सर चीनी मिल ने पेराई सत्र समाप्ति के लिए तीसरा और अंतिम नोटिस जारी करते हुए 19 मार्च को सत्र समाप्त करने की औपचारिक घोषणा कर दी है। इससे पहले 17 मार्च को सत्र समाप्त करने का दूसरा नोटिस जारी किया गया था, लेकिन किसानों के अनुरोध पर इसे दो दिन आगे बढ़ा दिया गया।

मिल प्रबंधन के अनुसार गन्ने की आवक में लगातार कमी आ रही है। इससे पहले 8 मार्च को पहला नोटिस जारी कर किसानों से 13 मार्च तक गन्ना आपूर्ति करने की अपील की गई थी। बाद में परिस्थितियों को देखते हुए सत्र को पहले 17 और फिर 19 मार्च तक बढ़ाया गया।

प्रधान गन्ना प्रबंधक डॉ. बीएस तोमर ने बताया कि मिल में गन्ने की आपूर्ति दिन-प्रतिदिन घट रही है, जिसके कारण रोजाना 14 से 16 घंटे तक “नो केन” की स्थिति बन रही है। यूनिट हेड एसपी सिंह के अनुसार मिल की पेराई क्षमता 1.25 लाख क्विंटल प्रतिदिन है, जबकि वर्तमान में केवल करीब 40 हजार क्विंटल गन्ने की ही आपूर्ति हो पा रही है।

चालू पेराई सत्र में अब तक मिल द्वारा 1.13 करोड़ क्विंटल गन्ने की पेराई की जा चुकी है और क्षेत्र का अधिकांश गन्ना समाप्त हो चुका है। तौल मुक्त किए जाने के बाद समितियों को भी 19 मार्च तक गन्ना आपूर्ति करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसके बाद पेराई सत्र औपचारिक रूप से समाप्त हो जाएगा।