हाईस्कूल परीक्षा के दौरान बिगड़ी तबीयत, 16 वर्षीय छात्र की संदिग्ध मौत

कासगंज। जिले के कटरा राम सिंह पुरा निवासी 16 वर्षीय छात्र कपिल (पुत्र सुभाष) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कपिल हाईस्कूल बोर्ड की परीक्षा देने गया था, जहां अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, कपिल सुबह 8:30 बजे की पाली में गणित विषय की परीक्षा देने बलदेव बिहारी इंटर कॉलेज नगला खंजी पहुंचा था। परीक्षा के दौरान करीब 10 बजे विद्यालय प्रशासन की ओर से उसके पिता सुभाष को फोन कर बताया गया कि छात्र की तबीयत अचानक खराब हो गई है और वे तुरंत स्कूल पहुंचें।

परिजनों के मुताबिक, स्कूल में जिला अस्पताल से पहुंची डॉक्टरों की टीम ने छात्र का प्राथमिक उपचार किया। कुछ देर बाद उसकी हालत फिर बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं क्षेत्र में भी शोक की लहर है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। परिजन शव को घर ले आए हैं।