आदूवाला में तेज रफ्तार डंपरों ने मवेशियों को रौंदा, पांच भैंसों की मौत

Dehradun : आदूवाला में बल्लूपुर-पांवटा फोरलेन हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। मित्रा ढाबा के पास दो तेज रफ्तार खनन डंपरों ने सड़क पर जा रहे मवेशियों को टक्कर मार दी, जिससे पांच भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई। तीन भैंस और एक गाय गंभीर रूप से घायल हो गईं।

जानकारी के अनुसार, कल्याणपुर निवासी वन गुर्जर यूसुफ करीब 15 मवेशियों को पांवटा साहिब से अपने डेरे की ओर ला रहे थे। सुबह लगभग 5:30 बजे धर्मावाला की दिशा से आ रहे दो डंपरों ने मवेशियों को टक्कर मारकर रौंद दिया। हादसे में यूसुफ बाल-बाल बच गए।

सूचना मिलने पर हरबर्टपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली प्रभारी विनोद सिंह गुसाईं ने बताया कि पांच भैंसों की मौत हो चुकी थी, जबकि तीन भैंस और एक गाय घायल थीं। शीशमबाड़ा से पशु चिकित्सकों की टीम बुलाकर घायलों को उपचार के लिए गोसदन भेजा गया।

पुलिस ने दोनों डंपरों को चौकी में खड़ा करवा दिया है। हालांकि अभी तक पशुपालक की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पशुपालक यूसुफ ने बताया कि मवेशी ही उनकी आजीविका का एकमात्र साधन हैं। एक साथ पांच मवेशियों की मौत और चार के घायल होने से उनकी रोजी-रोटी पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है।