
लक्सर। मुरादाबाद–सहारनपुर रेलखंड पर ट्रेन से कटकर एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवा दिया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात लक्सर और डोसनी रेलवे स्टेशन के बीच सीधडू गांव के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना पर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। वहां शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला।
लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान ने बताया कि काफी प्रयासों के बाद मृतक की पहचान सुमित (23) निवासी ग्राम सीधडू, कोतवाली लक्सर के रूप में हुई। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
