सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा बढ़ेगी: सीएम धामी ने एसओपी बनाने के दिए निर्देश

देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के सरकारी कार्यालयों और कार्यस्थलों पर अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मुख्य सचिव को विस्तृत एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

सोमवार को उत्तराखंड अधिकारी-कर्मचारी-शिक्षक मोर्चा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री आवास में सीएम धामी से भेंट की। उन्होंने 21 फरवरी को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई घटना समेत हाल के दिनों में विभिन्न स्थानों पर सरकारी कार्मिकों के साथ हुई घटनाओं का उल्लेख करते हुए ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की।

मुख्यमंत्री ने कर्मचारी नेताओं की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि सरकार कार्मिकों के मान-सम्मान और सुरक्षा को लेकर हमेशा सजग और संवेदनशील रही है। उन्होंने तत्काल मुख्य सचिव को फोन कर अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा के लिए एसओपी तैयार करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने डीजीपी को सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने तथा ऐसी घटनाओं में त्वरित कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सीएम धामी ने देहरादून के एसएसपी को भी शिक्षा निदेशालय में हुई घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।